पंजाब
सीएम भगवंत मान ने लोकसभा चुनाव से लेकर तमाम मुद्दों पर बेबाकी से रखी राय, जानें क्या कहा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मानते हैं कि पंजाब इस बार के आम चुनावों में पूरे देश को लीड करेगा। चुनाव की दिशा तय करेगा। ठीक उसी तरह जिस तरह उसने पहले आजादी की लहर को और फिर हरे इंकलाब यानी हरित क्रांति को लीड किया था।
एक मीडिया समूह के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने एक ओर जहां केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें न तो ईडी से डराया जा सकता है, न ही खरीदा जा सकता है, वहीं यह भी कहा कि देश में पहली बार पंजाब में ऐसा हुआ कि सरकार ने प्राइवेट थर्मल प्लांट खरीद लिया, खुद कोयला खान चलाई, 90 प्रतिशत घरों को बिजली मुफ्त दी, पहली बार किसानों को दिन में बिजली दी और अब उद्योगों को भी सस्ती बिजली का तोहफा मिलेगा।
संगरूर के लोगों का आदेश सिर माथे, उन्हें किसी को जिताने-हराने का हक है। जब उपचुनाव हुआ, उस समय सरकार नई-नई बनी थी लेकिन इस बार संगरूर के लोगों के पास सरकार के काम पहुंच गए हैं। अब लोग देख रहे हैं, घर में बिजली के बिल नहीं आ रहे हैं। पानी आने लगा है। खेतों को दिन में बिजली मिलने लगी है। सारे विधायक हमारे हैं, तीन तो मंत्री ही हैं, चीमा साहिब, मीत और अमन अरोड़ा। हम आसानी से जीतेंगे।
दूसरी पार्टियों में जरूरी नहीं कि सारे बंदे बुरे हों। जो अच्छे बंदे हैं, वे कहां जाएंगे। केजरीवालजी ने जब दिल्ली में पार्टी शुरू की थी तो दूसरे दलों के अच्छे नेताओं को भी शामिल होने का न्यौता दिया था। ऐसे लोग आ रहे हैं। और भी आएंगे। एक बंदा गलत निकल आया तो क्या हुआ, उसे भी इस बार 4 जून को पता लग जाएगा। इससे पहले सुखपाल खैरा भी गए थे, आज कहां हैं।
संगठन बड़ा होता है, व्यक्ति बड़ा नहीं होता है। और वह उस बीजेपी में जाकर क्या कर लेंगे जहां शिवराज सिंह, वसुंधरा राजे, कैप्टन अमरेंद्र सिंह, सुनील जाखड़ की ही कद्र नहीं हो रही हो। फिर ये चुनाव में जाएंगे तो लोग खुद पूछेंगे कि पिछले बार वहां क्यों गए थे, पार्टी ने क्या कमी कर दी थी। मैंने तो उन्हें जिताने के लिए जालंधर में रात दस-दस बजे तक रोड शो किए थे, मैं भी आहत हूं मगर असली दिल तो लोगों का टूटा है।
पाकिस्तान से आए दिन ड्रोन आ रहे हैं, इनके जरिए ड्रग्स, पिस्तौल, पैसा आ रहा है। पंजाब पुलिस बीएसएफ के साथ मिलकर इन्हें पकड़ती है। बाड़ तो हमने ही लगाई है, उन्होंने तो नहीं लगाई है। अगर सिल्क रूट को दोबारा शुरू करना है तो प्रधानमंत्री सबसे पहले पाकिस्तान को गाली देना तो बंद करें, व्यापार कैसे शुरू करेंगे। हम उनके साथ क्रिकेट तो खेलते नहीं हैं। इतनी तारों और सुरक्षा के बावजूद वे कश्मीर और दूसरी जगह अपने बंदे (घुसपैठिये) भेज रहे हैं, वे यहां नुक्सान करा रहे हैं, उनके साथ भला व्यापार कैसे हो सकता है।
पंजाब में कमाल की सामाजिक सांझ है, यहां कभी मतों का ध्रुवीकरण नहीं हो सकता है। इन्होंने पहले भी बहुत कोशिश की मगर कामयाब नहीं हुए। हम यहां सारे त्योहार, गुरु पर्व, होलीदिवाली, रामनवमी-हनुमान जयंती मिलकर मनाते हैं। ये हमारी सामाजिक सांझ नहीं तोड़ सकते। जैसे, हमारे यहां आनंदपुर साहिब एक धार्मिक सीट भी है, लेकिन वहां का सांसद मनीष तिवारी एक ब्राह्मण है। फरीदकोट को पंथक हलका कहा जाता है, मगर वहां के एमपी मोहम्मद सदीक हैं। पंजाब के लोग नाम या पंथ नहीं देखते, बल्कि यह देखते हैं कि बढ़िया बंदा कौन है, मुङो पंजाबियों की इस सोच पर मान है कि वे कभी सामाजिक सांझ को टूटने नहीं देते। लंगर चलता रहता है, इसे कभी तोड़ने नहीं देते। भाजपा को लगता हो कि वह राम मंदिर या किसी और मुद्दे पर वह लोगों को बांट लेगी तो यह उसकी गलतफहमी है। हां, किसानों के मुद्दे पर उनका दिल्ली जाने का हक है। ये उन्हें आगे बढ़ने ही नहीं दे रहे।
हमने एमएसपी की सिफारिश कर दी है, देना केंद्र ने है। हम तो इस बार 130 लाख मीट्रिक टन गेहूं केंद्रीय पूल में देंगे। दो सौ लाख मीट्रिक टन हम धान भेजते हैं। तो यह गेहूं-चावल उगाने वाला यह जब कहने दिल्ली जाता है कि हमारा भाव ठीक कर दो तो तुम (केंद्र) उस पर गोली चलाने लगते हो। उस पर केस दर्ज करा देते हो। मुझसे दिल्ली के पत्रकार पूछते हैं कि किसान दिल्ली क्यों आते हैं, तो मैंने जवाब दिया, मोदी दिल्ली क्यों आए। वे कहते हैं, मोदी तो जीतकर आए हैं। तो मैंने कहा कि वे दिल्ली इसलिए आए कि देश दिल्ली से चलता है, तो किसान भी अपनी समस्याएं लेकर दिल्ली ही आएंगे। क्या मैं उन्हें लाहौर भेज दें? तुम दिल्ली के मालिक हो, वे किसानों को दिल्ली नहीं बढ़ने दे रहे, किसान पिंडों के मालिक हैं, वे इन्हें अपने गांवों में नहीं बढ़ने देंगे। मैं तो किसानों के लिए रात दो-दो बजे तक बैठकों में बैठा रहा। मैंने तो साफ कह दिया कि इनकी मांगें मान लो, अगर नहीं माननी हैं तो क्यों इन्हें अन्नदाता कहते हो, क्यों इन पर सीधे गोलियां चलाते हो। हम तो यही चाहते हैं कि किसानों को अपना भाव मिले, व्यापारियों को व्यापार करने का मौका मिले, आढ़तियों को अपनी आढ़त फीस मिले। केंद्र ग्रामीण विकास फंड (आरडीएफ) का हमारा 5500 करोड़ रुपए रोके बैठा है। यह मंडियों का पैसा है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मानते हैं कि पंजाब इस बार के आम चुनावों में पूरे देश को लीड करेगा। चुनाव की दिशा तय करेगा। दैनिक सवेरा टीवी के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने दो साल के कामों को बताकर वोट मांगेगी और मंत्रियों-विधायकों को संसद भेजने का फैसला यह सोचकर किया गया कि अब शासन- प्रशासन का काफी तजुर्बा ले लेने के बाद वे संसद में पंजाब के हितों को बहुत दमदारी से उठा सकेंगे। पार्टी संयोजक केजरीवाल की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि केजरीवाल को कैद किया जा सकता है मगर उनकी सोच को नहीं, देश में जगह-जगह केजरीवाल पैदा होते रहेंगे।
पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टरों की समस्या पर सीएम मान ने कहा किये दोनों समस्याएं सियासी नेताओं ने पैदा की हुई हैं। ड्रग्स में सियासी चेहरों के नाम आते हैं। गैंगस्टर भी इन्हीं ने खड़े किए। ये गैंगस्टर थे तो आम लोगों के लड़के ही। पिस्तौल पकड़ाकर उनसे काम ले लिया। वे मुख्यधारा से बाहर चले गए। जिन्होंने नृशंस अपराध किए हैं, सरकार उन्हें सजा दे रही है। जहां तक ड्रग्स की बात है, सरकार हर स्तर पर काम कर रही है। नई पीढ़ी को खेलों में लगा रहे हैं, नौकरियां दिला रहे हैं, ताकि वे नशों में न फंसे। जो नशों में पड़ चुके हैं, उनका इलाज करवा रहे हैं, पुनर्वास कर रहे हैं। जब उनके ग्राहक ही नहीं रहेंगे तो ड्रग्स किसे बेचेंगे। पुलिस में भर्ती हो रही है, 2200 युवा हर साल पुलिस में भर्ती कर रहे हैं, लड़के-लड़कियां मैदान में जाकर सेहत बना रहे हैं। मैं काम कर रहा हूं। मैंने न तो स्मगलिंग में हिस्सा डालना है, न बसों के धंधे में, मैंने तो बस लोगों के सुख-दुख में हाथ बंटाना है।
वन नेशन, वन इलैक्शन पर सीएम मान ने कहा कि मैं जब संसद में था, तो कानून और न्याय समिति का सदस्य था। तभी यह मुद्दा भी आया था। हम इस मुद्दे पर सारे देश में घूमे। सबसे ज्यादा विरोध क्षेत्रीय दलों ने किया। वे कहते थे, क्या हमारा वोटर दिल्ली के लिए अलग और सूबे के लिए अलग बटन नहीं दबा सकता। ऐसे में तो क्षेत्रीय मुद्दे ही गायब हो जाएंगे। हमारी पार्टी ने भी इसका विरोध किया है।
सीएम मान ने कहा कि मैं दूसरे-तीसरे नंबर को देखता ही नहीं हूं। दूसरी पार्टियों में तो रौला पड़ा हुआ है। आम आदमी पार्टी अकेली है जिसने सारे 13 उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वे लोगों से मिल रहे हैं। लोग हमारे साथ हैं। पंजाब के लोग इस बार देश के आम चुनावों को लीड कर इसकी दिशा तय करेंगे।

पंजाब
पंजाब पुलिस ने आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, 13 आतंकी गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए दो अभियानों में बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा विदेश से संचालित किए जा रहे आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस को 2 आरपीजी (एक लॉन्चर सहित), 2 आईईडी (2.5 किलोग्राम प्रत्येक), डेटोनेटर के साथ 2 हथगोले, रिमोट कंट्रोल के साथ 2 किलोग्राम आरडीएक्स, 5 पिस्तौल (बेरेटा और ग्लॉक), 6 मैगजीन, 44 जिंदा कारतूस, 1 वायरलेस सेट और 3 वाहन बरामद हुए हैं।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी जानकारी साझा की है। 2 आतंकी मॉड्यूल के कुल 13 आतंकियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पंजाब
हैप्पी पासिया की गिरफ्तारी से पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का चलता है पता : नील गर्ग

पंजाब में एक दर्जन से अधिक ग्रेनेड हमलों की साजिश रचने वाले मोस्ट वांटेड हैप्पी पासिया को अमेरिका में गिरफ्तारी कर लिया है। वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता नील गर्ग ने इसे लेकर कहा कि यह पंजाब को बदनाम करने और इसकी शांति को भंग करने की कोशिश करने वालों को करारा जवाब है।
पासिया की गिरफ्तारी पंजाब सरकार की बड़ी उपलब्धि
नील गर्ग ने कहा कि पिछली सरकारें जिसे पकड़ने में विफल रहीं, उसे आप सरकार ने न केवल विस्तार से ट्रैक किया बल्कि उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार भी किया। उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी पंजाब सरकार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और राज्य की कानून-व्यवस्था और शांति को अस्थिर करने की कोशिश करने वाले विघटनकारी तत्वों को एक कड़ा संदेश देती है।
गर्ग ने कहा कि पंजाब पुलिस 24×7 सतर्कता से काम करती है और ये गिरफ्तारी उनकी प्रतिबद्धता का सबूत है। जो कोई भी पंजाब को चुनौती देने की हिम्मत करेगा, उसे केवल एक ही परिणाम भुगतना होगा – जेल।
पंजाब
पंजाब में 15 हजार तालाबों की सफाई का अभियान शुरू, मंत्री सौंद ने किया जमीनी निरीक्षण

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, पंजाब सरकार ने राज्य भर में लगभग 15,000 गांवों के तालाबों की सफाई के लिए बड़े पैमाने पर पहल शुरू की है, जो पिछले दो से तीन दशकों में नहीं किया गया था।
बड़े स्तर पर जारी है काम
वहीं, ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने जमीनी स्तर पर निरीक्षण भी शुरू कर दिया है। मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने 15-25 वर्षों से अधिक समय तक गांव के तालाबों की उपेक्षा की थी। उनमें से कई तालाबों में गाद जम गई थी, जिससे पानी रुक गया, बदबू फैली और मच्छर पनपने लगे, जिससे पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताएं पैदा हो गई थीं। अब सीएम भगवंत सिंह मान के निर्देशन में इस स्थिति को बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई गांवों में काम पहले से ही चल रहा है। 1062 तालाबों से पानी निकाला जा चुका है और करीब 400 तालाबों से गाद निकाली जा चुकी है।
सरकार ने गांवों के लिए 4,573 करोड़ रुपये के विकास पैकेज को मंजूरी दी
तालाबों की सफाई की प्रगति की सक्रिय निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मिशन में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह पहल एक व्यापक ग्रामीण विकास योजना का हिस्सा है, जिसके तहत पंजाब सरकार ने हाल ही में गांवों के लिए 4,573 करोड़ रुपये के विकास पैकेज को मंजूरी दी है।
-
देश1 week ago
एनआईए 26/11 मुंबई हमले के आरोपी राणा से पूछताछ करेगी, दिल्ली की अदालत ने उसे 18 दिन की हिरासत में दिया
-
पंजाब1 week ago
अमृतसर : पुलिस ने 18 किलो हेरोइन के साथ 1 तस्कर को किया गिरफ्तार
-
पंजाब5 days ago
संगरूर को मिला School of Eminence, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया उद्घाटन
-
पंजाब1 week ago
हरजोत बैंस ने विपक्षी पार्टियों पर साधा निशाना, बोले- जो 75 सालों में जो अकाली-भाजपा और कांग्रेस नहीं कर पाई वह हमनें किया
-
पंजाब6 days ago
पटियाला पंजाबी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सीएम मान, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धा पुष्प किए अर्पित
-
पंजाब5 days ago
संगरूर को मिलेगी बड़ी सौगात, सीएम मान करेंगे उद्घाटन
-
पंजाब4 days ago
राजस्व विभाग में लोगों की परेशानी कम करने के लिए मान सरकार ने लिया अहम फैसला
-
पंजाब1 week ago
मान सरकार का अनुसूचित जाति समुदाय के लिए बड़ा तोहफा, पंजाब कैबिनेट ने लिया ऐतिहासिक फैसला