पंजाब
आम आदमी पार्टी का चन्नी पर जवाबी हमला: 1 जून के बाद आप होंगे गिरफ्तार

बुधवार को पार्टी कार्यालय से जारी एक बयान में ‘आप’ नेता और प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि 1 जून के बाद मान सरकार पहले से भी ज्यादा मजबूती के साथ काम करेगी, लेकिन चरणजीत सिंह चन्नी को यकीन नहीं है कि लोकसभा चुनाव में उनका चेहरा कमाल दिखा पाएगा। गर्ग ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी अपने राजनीतिक सफर के अंत में हैं। उन्हें पिछले विधानसभा चुनावों में पंजाब के लोगों ने पहले ही पूरी तरह से खारिज कर दिया था। लोगों ने उनके भतीजे से ईडी द्वारा बरामद नकदी के ढेर को भी देखा है, इसलिए उनका भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है।
आप नेता ने कहा कि चरणजीत चन्नी पंजाब और जालंधर के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उनके पास लोगों से कहने के लिए कुछ नहीं है। उनकी सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार और घोटालों के बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं है। इसलिए वह कुछ वोटों को सुरक्षित करने के लिए ये सब बातें कर रहे हैं। नील गर्ग ने कहा कि वे (आप विधायक) क्रांतिकारी नेता अरविंद केजरीवाल के सैनिक हैं और यहां तक कि ऑपरेशन लोटस भी उन्हें किसी गलत दिशा में ले जाने में विफल रहा।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने मान सरकार को पंजाब में सबसे बड़ा जनादेश दिया है और हम जनता के फैसले का पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार 1 जून के बाद 13 की 13 लोक सभा सीटों पर जीत हासिल कर लेगी, लेकिन निकट भविष्य में चरणजीत चन्नी निश्चित रूप से जेल में जाएंगे क्योंकि उनके भ्रष्टाचार और घोटाले उजागर होंगे।