पंजाब

पटियाला में आम आदमी पार्टी ने अकाली दल को दिया बड़ा झटका, आधा दर्जन वरिष्ठ अकाली नेता हुए आप में शामिल

लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब को पटियाला में बड़ी बढ़त मिली है। आप ने गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल (बादल) को बड़ा झटका दिया, जब उसके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह अबलोवाल सीएम भगवंत मान, विधायक अजीतपाल सिंह कोहली और कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

आप पंजाब अध्यक्ष व सीएम भगवंत मान ने सुरजीत सिंह अबलोवाल का आप परिवार में स्वागत किया। सुरजीत अबलोवाल छात्र राजनीति से आये थे। वह 1980 में पंजाब स्टूडेंट यूनियन के जिला उपाध्यक्ष थे। 1986 में वह सिख स्टूडेंट फेडरेशन के अध्यक्ष रहें और 1997 में यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने। फिर वह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बने। युवा अकाली दल के उपाध्यक्ष, शिरोमणि अकाली दल में कार्य समिति सदस्य (2 बार), शिरोमणि अकाली दल में राष्ट्रीय संगठन सचिव, शिरोमणि अकाली दल सरकार के कार्यकाल के दौरान पंजाब राज्य बीज निगम के अध्यक्ष बने। 2007 से 2012 वाली अकाली सरकार के कार्यकाल के दौरान वह पंजाब पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रहे।
अबलोवाल का अकाली दल बादल छोड़ना निश्चित तौर पर पार्टी के लिए बड़ा नुकसान है और उनके आप में आने से डॉ. बलबीर की स्थिति पटियाला में मजबूत होगी।

उनके साथ जसपाल सिंह कल्याण (शिअद-पटियाला ग्रामीण के एससी विंग के जिला अध्यक्ष) और पटियाला के दो पूर्व अकाली पार्षद कमलजीत सिंह और रविंदर पाल सिंह उर्फ जॉनी कोहली (शिअद उपाध्यक्ष पंजाब) भी आप में शामिल हुए। उनके अलावा बलदेव सिंह बठोई (चेयरमैन ब्लॉक समिति सनौर), एडवोकेट मनबीर सिंह विर्क और शिवराज सिंह विर्क (राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष युवा अकाली दल) भी अकाली दल छोड़कर आप में शामिल हो गए।

सभी नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने बयान में कहा कि पिछले दो साल में आप सरकार के काम से प्रभावित होकर पंजाब के हर वर्ग के लोग लगातार आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं और रंगला पंजाब बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। अकाली दल के बारे में उन्होंने कहा कि अकाली नेतृत्व में ऊपर से लेकर नीचे तक अनिश्चितता और असुरक्षा का माहौल है। मान ने कहा कि पंजाब की जनता या अकाली दल के वर्करों को शिअद-बादल पर कोई भरोसा नहीं है। जब किसी भी पार्टी के लोगों में अनिश्चितता और अविश्वास होता है तो वे जीत नहीं सकते। अब पंजाब के लोगों को अकाली दल पर भरोसा नहीं है, वे ख़त्म हो चुके हैं। अब लोगों की नजर सिर्फ आप पर है। इस बार आम आदमी पार्टी पंजाब में 13-0 से लोकसभा चुनाव जीतकर इतिहास रचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version