पंजाब
2022 चुनाव में भाजपा के बरनाला से उम्मीदवार रहें धीरज ददाहुर आप में शामिल

बरनाला विधानसभा उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ी मजबूती मिली है और भाजपा को यहां बड़ा झटका लगा है। बरनाला में भाजपा के बड़े नेता और 2022 विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा के उम्मीदवार रहें धीरज कुमार ददाहुर सोमवार को ‘आप’ में शामिल हो गए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें पार्टी सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी की मौजूदगी में पार्टी में औपचारिक तौर पर शामिल कराया और पार्टी में स्वागत किया। धीरज ददाहुर 26 साल तक भाजपा में रहें। वह आरएसएस से भी 1988 से जुड़े थे। वह भाजपा के बरनाला जिला के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं। वह इलाके के प्रतिष्ठित आढ़ती और राइस शेलर हैं और आढ़ती एसोसिएशन बरनाला के निर्वाचित प्रेसिडेंट रहे हैं। वह पंजाब में भाजपा के कई विधानसभा और लोकसभा हलके के इंचार्ज भी रहे हैं।
धीरज ददाहुर के साथ बरनाला नगर कौंसिल में भाजपा के पार्षद नीरज और पूर्व पार्षद सरोज रानी भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। इसके अलावा वाल्मीकि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रिंका बाह्मनियां और अकाली दल बादल के नेता गूरनाम सिंह वाहेगुरु समेत अन्य कई लोग पार्टी में शामिल हुए।
इस मौके पर पार्टी कार्यालय से जारी अपने बयान में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि धीरज ददाहुर के पार्टी में आने से बरनाला जिले में आम आदमी पार्टी और मजबूत हुई है। हम मिलकर पंजाब की बेहतरी के लिए काम करेंगे और राज्य का विकास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि बरनाला में आप उम्मीदवार भारी अंतर से जीत रहा है।