देश

‘केजरीवाल को आशीर्वाद’ लॉन्च

शराब नीति में हुए कथित घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद देने के लिए आम आदमी पार्टी ने एक अभियान लॉन्च किया है। इसे ‘केजरीवाल को आशीर्वाद’ अभियान नाम दिया गया है।

शुक्रवार, 29 मार्च को अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने इसे लॉन्च किया और लोगों से कहा- मैं आपको एक वॉट्सऐप नंबर दे रही हूं। आप इस पर मैसेज भेज कर अपने अरविंद को आशीर्वाद भेज सकते हैं।

इस बीच दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि ईडी भाजपा के राजनीतिक हथियार के रूप में काम कर रही है। वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फोन तक पहुंच कर आप की लोकसभा चुनाव रणनीति के बारे में जानना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल के फोन का पासवर्ड ईडी नहीं, बल्कि भाजपा चाहती है।

दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अरविंद केजरीवाल पर तंज करते हुए कहा कि उनके पास गिनती का वक्त बचा है। संभवत: उनकी पत्नी सुनीता मुख्यमंत्री पद की तैयारी कर रही हैं।

बहरहाल, इस अभियान को लॉन्च करते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा- पिछले 30 साल से मैं उनके साथ हूं, देशभक्ति उनके रोम-रोम में बसी है। उन्होंने आगे कहा- अरविंद केजरीवाल ने देश की सबसे भ्रष्टाचारी, तानाशाही ताकतों को ललकारा है। आपने अरविंद केजरीवाल को अपना भाई अपना बेटा कहा है, क्या आप इस लड़ाई में अपने भाई अपने बेटे का साथ नहीं देंगे।

मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब साथ मिलकर ये लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने वाट्सऐप नंबर जारी करते हुए कहा- आप अपने केजरीवाल को आशीर्वाद, दुआएं और प्रार्थनाएं भेज सकते हैं। कोई और भी संदेश देना चाहें तो वो भी दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version